बहराइच। प्रोन्नति में आरक्षण लेकर हेड कांस्टेबल से दरोगा बनने वाले जिले के दो पुलिस अधिकारियों को रीवर्ट करने का आदेश शासन ने जारी कर दिया है। इसमें एक दरोगा पीएसी सीतापुर जाएंगे, जबकि दूसरे की जिले में ही तैनाती रहेगी।
हाईकोर्ट ने प्रोन्नति में आरक्षण के शासनादेश को रद करते हुए प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों को मूल विभाग में तैनाती के आदेश दिए थे।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद डीजीपी मुख्यालय ने जिले के दो दरोगा को डिमोशन देने का आदेश दिया है। इसमें एक वर्ष से कोतवाली देहात का प्रभार संभाल रहे एसआई विनोद कुमार को उनके मूल पद हेड कांस्टेबल पर वापस किया जाएगा। उनको 11वीं वाहिनी सीतापुर में तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि देहात कोतवाल विनोद कुमार को पुलिस विभाग ने उत्कृष्ट सेवा पर सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न अभी पंद्रह अगस्त को प्रदान किया था।
जरवलरोड थाने में तैनात एसआई रामसुभग गौतम को भी हेड कांस्टेबल बना दिया गया है। उनकी तैनाती जिले में रहेगी। इस बारे में एसपी नेहा पांडेय का कहना है कि अभी तक रीवर्ट होने वाले दरोगा के संबंध में आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलने पर अनुपालन कराएंगे।