किसान मजदूर सूचना कार्यकर्ता कल्याण महासंघ व आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। आरटीआई एक्टिविस्ट गुरु प्रसाद के हत्यारों पर रासुका लगाए जाने की मांग करते हुए चौखड़िया, बसहिया जगत, सिधौरा गांव में भूमाफिया पर कार्रवाई व विकास कार्यों के जांच का मुद्दा उठाया गया। संगठन ने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को आठ सूत्री मांगपत्र भेजा है।
महासंघ अध्यक्ष शिव कुमार पटेल व आप जिला संयोजक संतोष कुमारी रस्तोगी के नेतृत्व में भारी संख्या में लोग मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां सभी ने अपराधियों व भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए शासन व प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।
जिला संयोजक संतोष कुमारी रस्तोगी ने कहा कि हरदी गौरा निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट गुरु प्रसाद शुक्ला के हत्यारों पर रासुका की कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को बीस लाख का मुआवजा दिया जाए। साथ ही, हत्याकांड के गवाह सुरेश पाठक, त्रिवेणी प्रसाद पाठक आदि को सुरक्षा प्रदान की जाए।
तेजवापुर ब्लॉक के चौखड़िया में कराए गए विकास कार्यों की जांच हो। महासंघ अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि जरवल के बसहिया जगत में प्रधान पति कमलाकांत ने कई बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे राजितराम पर लगे फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि तमाम ग्राम पंचायतों के विकासकार्यों के भ्रष्टाचार की रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में धूल फांक रही हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी एके सिंह भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन पर कठोर कार्रवाई की जाए। पत्रकार जगेंद्र सिंह की हत्या में वांछित मंत्री को बर्खास्त किया जाए।
पत्रकारों व सूचना कार्यकर्ताओं को सुरक्षा प्रदान की जाए। इस अवसर पर रवि प्रकाश, दीपक श्रीवास्तव, ज्योति प्रकाश श्रीवास्तव, अनोखी लाल, छैल बिहारी, राजितराम, नित्यानंद तिवारी, राम सिंह, जगदीश प्रसाद, अरुण कुमार सिंह मौजूद थे।