बहराइच। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम पंडितपुरवा में बृहस्पतिवार रात बुजुर्ग दंपत्ति मच्छर भगाने के लिए आग जलाकर धुआं कर सो गए। पास खड़ी बाइक के पेट्रोल से धधकी आग की चपेट में आकर दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अन्तर्गत पंडितपुरवा गांव निवासी हनुमान मौर्या (65) व उनकी पत्नी रामरति मौर्या बृहस्पतिवार रात सोने जा रहे थे। मच्छर भगाने के लिए एक बड़े परई ( मिट्टी का बर्तन) में आग जलाकर धुआं कर दिया था। उसे एक किनारे रख दिया गया था। उसी के निकट बाइक भी खड़ी थी। देर रात अचानक पेट्रोल से आग धधक उठी। देखते ही देखते दोनों बुजुर्ग की आग की चपेट में आकर जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। दर्दनाक चीख पुकार सुनकर छत पर सो रहा नाती शुभम दौड़ पड़ा।
मगर उनको बचा नहीं सका। प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, मृतक के भाई समोखन ने संपत्ति को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।