जरवल (बहराइच)। थाना क्षेत्र के धोबीघाट पुल के नीचे तालाब में एक युवक का शव शनिवार को सुबह दिखाई पड़ा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला। काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शिनाख्त के लिए पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में 72 घंटे के लिए शव को रखवा दिया है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के धोबीघाट पुल के पास तालाब है। सुबह लगभग नौ बजे राहगीरों को तालाब में एक व्यक्ति का शव दिखाई पड़ा। उन्होंने तालाब में शव पड़ा होने की सूचना जरवल पुलिस चौकी को दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज अफजल खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकला गया। शव की पहचान कराने के लिए आसपास मौजूद लोगों से उसके बारे में जानकारी की गई। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने ग्राम प्रधान को शव की शिनाख्त के लिए बुलाया।
काफी देर तक जब शव की शिनाख्त न हो सकी तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक जरवलरोड थानाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि तालाब में मिले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में 72 घंटे तक रखा जाएगा। शव कई दिन पुराना लग रहा है। उसकी उम्र लगभग 22 वर्ष है। पुलिस का दावा है कि युवक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। उधर, तालाब में शव मिलने से आसपास के लोगों में दहशत है।