फखरपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र के केशवा कुंडा गांव में स्थित बाग में एक युवक का शव शुक्रवार की सुबह फंदे पर लटका मिला। वह गुरुवार की दोपहर से लापता था। सूचना पर परिवारीजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फखरपुर थाना क्षेत्र के केशवा कुंडा गांव निवासी ननकू (22) पुत्र अमृतलाल अपने घर से गुरुवार को दोपहर निकला, लेकिन इसके बाद वह नहीं लौटा। शाम तक वापस न आने पर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की, मगर देर रात तक युवक का पता नहीं चल सका। शुक्रवार को सुबह शौच को जा रहे ग्रामीणों ने बाग में पेड़ पर फंदे से युवक का शव लटका देखा तो हड़कंप मच गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने परिवारीजनों व पुलिस को दी। इसके बाद घर वाले रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फखरपुर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।