बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र के कटरा बहादुरगंज गांव में शनिवार को सुबह प्रेेमी युगल ने फांसी लगाकर जान दे दी। साथ जीने की कसम खाकर जिंदगी जीने का फैसला लिए प्रेमी युगल को जब परिवारीजनों का साथ नहीं मिला तो एक साथ आम के पेड़ पर फंदे पर लटक कर जीवनलीला समाप्त कर ली। एक साथ दोनों का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने आत्महत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया है।
दरगाह थाना क्षेत्र के कटरा बहादुरगंज गांव निवासी अमरेश (25) पुत्र रामलखन का गांव की ही रहने वाली संजू (20) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक की शादी होने के बाद भी वह युवती के प्यार में दीवाना था, लेकिन यह बात दोनों परिवारों को नागवार गुजर रही थी। काफी प्रयास के बाद भी दोनों के परिवारीजन शादी कराने के लिए राजी नहीं हुए। सुबह प्रेमी व प्रेमिका नेे एक साथ पेड़ पर फंदे से लटक कर जान दे दी। ग्रामीणों ने शव लटके देखे तो परिवारीजनों के साथ पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे दरगाह थानाध्यक्ष मधुपनाथ मिश्र ने शव पोस्टमार्टम के भेज दिए।
पांच साल पहले हो चुकी थी युवक की शादी
परिवारीजनों के मुताबिक युवक की शादी पांच साल पहले हो चुकी थी। इसके बावजूद वह अपनी प्रेमिका से मिलता रहता था। बताया जाता है कि युवक की शादी के बाद उसकी पत्नी इस समय साथ में नहीं रहती है।
भाई ने लिखकर दिया, दोनों करते थे प्यार
पुलिस की छानबीन के दौरान अमरेश के भाई ने पुलिस को लिखित में बताया है कि दोनों पहले से प्यार करते थे। काफी समझाने के बाद भी वह नहीं माने। अचानक यह फैसला मेरे भाई ने ले लिया।
प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने
शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर उचित कार्रवाई की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है। यह बात मृतक के भाई ने पुलिस को लिखित में भी दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
- टीएन दूबे, सीओ सिटी