तेजवापुर (बहराइच)। सीतापुर-बहराइच हाईवे पर रमवापुर चौकी के पास सड़क पार कर रहे एक मासूम को तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मासूम की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
हरदी थाना क्षेत्र के रमपुरवा चौकी बाजार निवासी पटमेश्वरी अवस्थी का पांच वर्षीय बेटा छोटू रविवार की सुबह सड़क पार कर रहा था। तभी सीतापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे रौंद दिया। घटना स्थल पर ही मासूम ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। घटना की सूचना पर हरदी थानाध्यक्ष आरपी यादव ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।