बहराइच। एक मामले को लेकर रिसिया में तैनात दरोगा को फोन करने पर भाजपा जिलाध्यक्ष से अभद्रता की गई। एसपी ने शिकायत मिलने के बाद दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है।
रिसिया क्षेत्र का एक भाजपा कार्यकर्ता अपनी समस्या लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल के पास पहुंचा था। जिलाध्यक्ष ने उसकी बात सुनने के बाद रिसिया थाने के दरोगा मुकेश मणि त्रिपाठी को फोन मिलाया। फोन मिलाने पर दरोगा को अपना परिचय दिया। जिस पर दरोगा ने जिलाध्यक्ष से पूछा कि आपको मेरा नंबर कहां से मिल गया। उसने गलत अंदाज में अभद्रता करते हुए जिलाध्यक्ष से बात की। इससे नाराज जिलाध्यक्ष ने एसपी विपिन मिश्रा को पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने मामला संज्ञान में आने पर दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है।