रूपईडीहा (बहराइच)। नेपाल सीमा पर खाद्य सामग्री व सब्जियों के आयात-निर्यात में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। नेपाली के कस्टम विभाग ने एक वाहन पकड़ा जिस पर प्याज लदा था। छानबीन में पता चला कि भारत में सीमा शुल्क आलू ले जाने का चुकाया गया। इस पर नेपाली कस्टम ने संबंधित व्यापारी से पांच लाख रुपये जुर्माना वसूल किया है।
सीमा पर नेपाली क्षेत्र के राजस्व जांच कार्यालय कोहलपुर के मुख्य जांच अधिकारी सुरेश राज जोशी ने बताया कि एक ट्रक पर प्याज लदा मिला। कागजातों की जांच में खुलासा हुआ कि आलू ले जाने का भारत में सीमा शुल्क चुकाया गया था। 71 बोरों में भरा 2,840 किलोग्राम प्याज बरामद होने पर संबंधित व्यापारी से पांच लाख सात हजार 341 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। सब्जी वाहन नेपाल के सुरखेत जा रहा था। इससे पूर्व 24 दिसंबर को आलू की जगह प्याज लादकर जा रहे एक ट्रक को पकड़ा गया था।