जरवलरोड (बहराइच)। इंडियन पोटाश लिमिटेड शुगर एंड केमिकल डिवीजन इकाई जरवलरोड की ओर से स्थापित चीनीमिल का पेराई सत्र मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुआ।
इस मौके पर एडीएम, उपजिलाधिकारी व सपा जिलाध्यक्ष ने विधि विधान से पूजन-अर्चन कर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
जरवलरोड के आईपीएल चीनी मिल परिसर में मंगलवार सुबह पंडित सुनिधि देव मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान कराया। यजमान एडीएम विद्याशंकर सिंह रहे।
उन्होंने पूजन-अर्चन कर कहा कि चीनीमिल किसानों के लिए मंदिर है। यह किसानों के लिए आर्थिक उन्नति का माध्यम भी है। मुख्य अतिथि ने इस मौके पर मंत्रोच्चार के बीच हवन कुंड में आहुतियां डालीं।
इसके बाद जरवल समिति के कृषक अजय कुमार तथा भंभुआ समिति के कृषक पवन सिंह के बैलगाड़ी में जुते बैलों की पूजा कर गन्ना लदी बैलगाड़ी की तौल कराई गई। इस मौके पर एडीएम ने नारियल फोड़ा।
जीएम सुखविंदरजीत सिंह ने बताया कि बीते वित्तीय वर्ष से अच्छी सुविधा इस वर्ष किसानों को मुहैया करवाने का प्रयास होगा। गन्ना पर्चियों के लिए ज्यादा भाग दौड़ किसानों को नहीं करनी पड़ेगी।
इसके बाद प्रशासनिक और चीनीमिल के अफसरों ने किसानों के साथ मिल के डोंगे में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया।
इस मौके पर गन्ना महाप्रबंधक मुनीष भारद्वाज ने बताया कि पेराई का लक्ष्य 25 लाख क्विंटल निर्धारित किया गया है।
मौके पर सपा जिलाध्यक्ष रामतेज यादव, जिला सचिव प्रदीप यादव, अवधेश वर्मा, नूर हुसैन, जिला गन्ना अधिकारी, थानाध्यक्ष धनंजय सिंह, अवधेश शर्मा, दिनेश प्रताप सिंह, शिव सिंह यादव, केशवराम अग्निहोत्री, सिद्धेश्वर दत्त शुक्ला, अनिल मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि नवनीत कौशल आदि मौजूद रहे ।
यहां बने हैं गन्ना तौल सेंटर
चीनीमिल के महाप्रबंधक ने बताया कि इस बार गन्ना उपज कम होने के कारण मात्र सात तौल सेंटर बनाए गए हैं। इनमें कुरमौरा अ, ब, खुर्रमपुर अ, ब, चिलवा, भंभुआ और बढ़ौली गन्ना तौल क्रय केंद्र शामिल हैं।