फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महसी में नहर कटी, 500 बीघा फसल डूब

Wed, 14 Oct 2015 10:18 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
हरदी (बहराइच)। महसी तहसील क्षेत्र में हरदो पट्टी गांव के पास मंगलवार रात नहर कट गई, जिससे 500 बीघा फसल जलमग्न हो गई है। प्राथमिक और जूनियर स्कूल सहित पूरे गांव में पानी भर गया है। इससे स्कूलों में पढ़ाई ठप है तो ग्रामीणों का जनजीवन भी अस्तव्यस्त है।
विज्ञापन


बहाव की चपेट में आकर गांव निवासी एक बालिका बुधवार सुबह बह गई। उसे ग्रामीणों ने धान के खेत से सुरक्षित निकाला। सूचना देने के बावजूद शाम तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

महसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत हरदो पट्टी गांव के पास सरयू नहर खंड की इमामगंज शाखा गुजरती है। यह नहर मंगलवार रात हरदो पट्टी टेपरी गांव के पास अचानक कट गई। सुबह गांव के लोग उठे तो घरों में पानी था। खेत भी जलमग्न देख अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन


नहर कटने की सूचना तत्काल ग्राम प्रधान विनय पांडेय को दी गई। उन्होंने नहर खंड के जेई को फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। लेखपाल को अवगत कराया तो उसने नहर विभाग का मामला बताकर किनारा कस लिया।

गांव निवासी प्रदीप कुमार की आठ वर्षीय बेटी कालिंदी सुबह नित्यक्रिया के लिए घर से निकली। चारो तरफ पानी था। इस दौरान तेज बहाव में बहकर वह धान के खेत में पहुंच गई। चीख सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बचाया।

नहर में निरंतर पानी का बहाव बना है, जिसके चलते हरदो पट्टी टेपरी गांव में बाढ़ की स्थिति बन गई है। लगभग 500 बीघा खेत में पानी भरा है। धान, मक्का, उड़द, अरहर की फसल पानी में डूब गई है।

अगेती धान की जो फसल तैयार हुई थी, वह भी बर्बाद हो गई है। गांव निवासी अमृतलाल, दयाराम, तीरथराम, राजितराम, बाबू, धन्ने, छैलू, माधवराम का कहना है कि पखवारे भर पूर्व भी नहर कटी थी। पटरी कमजोर है, जिसके चलते आए दिन नहर कट रही है लेकिन नहर विभाग के अधिकारी पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं।

कुछ लोगों ने नहर काटने का किया था प्रयास
हरदो पट्टो टेपरी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि रमपुरवा गांव के कुछ लोगों ने सोमवार रात नहर पटरी का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसकी सूचना मिलने पर सभी ने विरोध जताया था, तब गांव के लोग मौके से खिसक गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि हो सकता है कि उसी के चलते नहर कटी हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें