महसी (बहराइच)। ग्राम बेहटा चूड़ामणि में एक मगरमच्छ ने बकरी को शिकार बना लिया। इससे गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम तालाब में छिपे मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
महसी तहसील की ग्राम पंचायत बेहटा चूड़ामणि निवासी बुद्धि लाल गौतम की बकरी शुक्रवार शाम करीब चार बजे तालाब के किनारे घास चर रही थी। उसी दौरान तालाब में पहले से घात लगाए बैठे मगरमच्छ ने अचानक हमला कर बकरी को पानी के अंदर खींच लिया और उसे निगल गया। यह देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण सहम गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान पुतान सिंह ने तुरंत थाना बौंडी पुलिस और वन विभाग को मामले की सूचना दी। वन दरोगा जुबेर खान, मो. जकी, जगराम, शैलेंद्र कुमार और अवध राम ने मौके पर पहुंच तालाब का मुआयना किया और मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश की।
वन दरोगा जुबेर खान ने बताया कि तालाब में जलकुंभी ज्यादा होने के कारण मगरमच्छ को तलाशने और पकड़ने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय शिकारियों की टीम अवराही गांव से बुलाई गई है, जल्द ही मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ कर नदी में छोड़ा जाएगा।