उर्रा (बहराइच)। नैनिहा गांव के निकट पूर्व ब्रिगेडियर की ओर से मछली पालन के लिए तालाब खोदवाया गया था। इस तालाब में कतर्नियाघाट की नदियों से दो मगरमच्छ आ गए हैं। यह मगरमच्छ धूप सेंकने के लिए अक्सर बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में खड़िया और नैनिहा गांव के लोगों में दहशत है। इसकी सूचना सभी ने रेंज कार्यालय पर दी है पर वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे हैं।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत नैनिहा गांव में अंतरराष्ट्रीय गोल्फर ज्योतिंदर रंधावा के पिता पूर्व ब्रिगेडियर आरएस रंधावा का कृषि फार्म है। कृषि फार्म में मछली पालन के लिए तालाब खोदवाया गया है। इस तालाब में कतर्नियाघाट में बहने वाली नदी से निकलकर दो मगरमच्छ पहुंच गए हैं। यह मगरमच्छ अक्सर तालाब से बाहर निकल आते हैं। फार्म के निकट से ही नैनिहा व खड़िया गांव के लोग आवागमन करते हैं। इससे लोगों में दहशत है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना रेंज कार्यालय पर दी, लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है।