बाबागंज-मल्हीपुर मार्ग पर शनिवार की सुबह कोहरे के चलते बाइक सवार पेड़ से टकरा गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर ट्रक और जीप की टक्कर में दंपती समेत चार लोग घायल हुए हैं। लखनऊ मार्ग पर पिकअप की भिड़ंत में दो युवक जख्मी हुए हैं।
एक युवक की हालत गंभीर होने के चलते उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र निवासी रामनिवास (39) पुत्र बाला प्रसाद शनिवार भोर में बाइक से रुपईडीहा जा रहा था। बहराइच-श्रावस्ती सीमा पर घने कोहरे के चलते रामनिवास बाइक समेत अक पेड़ से टकरा गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर पहुंचे परिवारीजन युवक का शव लेकर घर चले गए। उधर कोतवाली नानपारा के नगर क्षेत्र निवासी राजू (40) की रिश्तेदारी सीतापुर के तंबौर में है। शनिवार भोर में राजू अपनी पत्नी मरजीना बानो (38) के साथ तंबौर जाने के लिए जीप से रवाना हुआ।
घने कोहरे के कारण नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर मोतीपुर के गूढ़ पेट्रोल टंकी के सामने ट्रक व जीप की टक्कर हो गई। दुर्घटना में जीप क्षतिग्रस्त हो गई। जीप में सवार राजू, मरजीना, चालक शीबू (37) व मोहम्मद शमी (70) घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर लखनऊ-बहराइच मार्ग पर फखरपुर थाना अंतर्गत अरई पुलिया के निकट ओवरटेक करते समय दो पिकअप की आमने-सामने भिड़त हो गई। हादसे में फखरपुर के रुकनापुर चक सौगहना निवासी मोहम्मद सलमान (20) व गजाधरपुर निवासी श्यामूलाल (32) घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने श्यामू को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है।