बहराइच/राजीचौराहा। ससुरालीजनों की प्रताड़ना से तंग होकर विवाहिता की मौत की खबर तो आपने सुनी होगी। लेकिन, ऐरिया गांव में इसके उल्टे एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां के निवासी सुरेंद्र (22) ने ससुराल वालों की मांग से तंग आकर फांसी लगा ली। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐरिया गांव निवासी सुरेंद्र (22) पुत्र जग प्रसाद का विवाह छह माह पहले इसी थाना क्षेत्र के चोरपुरवा गांव निवासी रेखा देवी पुत्री चंद्रिका प्रसाद से हुआ था। विवाह के दो माह बाद से ससुराल के लोग अपनी बेटी से शादी करने के एवज में सुरेंद्र से एक लाख रुपये की डिमांड करने लगे।
माह भर से इसी मामले को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर तकरार होती थी। 26 सितंबर को फिर रेखा ने अपने पिता को एक लाख रुपये देने के लिए सुरेंद्र से कहा। सुरेंद्र ने असमर्थता जताई तो दंपती में कहासुनी हो गई। इससे नाराज पत्नी ने पति से विवाद किया और मायके चली गई।
विवाद से क्षुब्ध सुरेंद्र ने रविवार रात को अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह घर वालों ने उसकी लाश लटकती देखी तो कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरेंद्र के कमरे से सुसाइड नोट बरामद किया है।
थानाध्यक्ष शुभसूचित वर्मा ने बताया कि सुसाइड नोट में सुरेंद्र ने पत्नी के व्यवहार और ससुराल द्वारा की जा रही एक लाख रुपये की डिमांड से तंग आकर जान देने की बात कही है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।