शहर के मुख्य बाजार में एक फुटवियर व्यवसायी का कुछ युवकों से चप्पल के मूल्य को लेकर विवाद हो गया।
इस पर युवकों ने दुकान में उत्पात मचाते हुए व्यवसायी पर हमला कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई, जहां सुलह-समझौते के बाद मामला शांत करवाया गया।
कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत स्टीलगंज तालाब के पास इशहाक की जूता-चप्पल की दुकान है। यहां गुरुवार दोपहर रिसिया के दो युवक चप्पल खरीदने आए।
चप्पल के मूल्य को लेकर दुकानदार और युवकों में तकरार हुई। झड़प के बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी को लेकर दुकान पहुंचे और इशहाक को पीट दिया।
शोर सुनकर आसपास के दुकानदार इकट्ठा हो गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को बुलाकर थाने ले गई।
दुकानदार द्वारा युवकों पर हमला कर मारने-पीटने और कैश काउंटर की नकदी लूटने का आरोप लगाया जा रहा था जबकि युवक दुकानदार पर विवाद करने का आरोप मढ़ रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों का कोतवाली में सुलह-समझौता करवाया गया। केस दर्ज नहीं हुआ है।