इकौना/कटरा (श्रावस्ती)। महामंकोल मेडिटेशन सेंटर के धम्मा हॉल में शुक्रवार सुबह पेंटिंग कर रहा एक श्रमिक 20 फुट ऊंचाई से संदिग्ध हालात में नीचे गिर गया।
सेंटर के अन्य कर्मी उसे अस्पताल ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस टीम के साथ एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।
सिद्धार्थ नगर के उसका थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाखुर्द निवासी राममिलन (28) पुत्र मंगरू बीते कुछ दिनों से क्षेत्र के ही कुछ मजदूरों के साथ बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती स्थित महामंकोल छायधम्मा डियोटेड लैंड वर्ल्ड पीस फुल सेंटर में मजदूरी करता था।
बारह घंटे की ड्यूटी के बदले उसे संस्था की ओर से 500 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलती थी। शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे वह सेंटर के धम्मा हॉल में दीवार पर सीढ़ी के सहारे पेंटिंग रहा था।
काम करते-करते वह अचानक 20 फुट नीचे आ गिरा। आवाज सुनकर अन्य मजदूर दौड़े और गंभीर रूप से घायल राममिलन को तत्काल इकौना के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कर्मियों ने श्रावस्ती पुलिस चौकी को सूचना दी। इस पर क्षेत्रीय पुलिस के साथ ही एसपी जीएन त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना भी मौके पर पहुंच गए।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि आखिर राममिलन पैर फिसलने से गिरा या फिर अन्य किन्हीं कारणों से। इसके बाद एफआईआर लिखी जाएगी।