एक विवाहिता को परिवार वालों ने मायके जाने से मना किया तो उसने कंडैल का बीज खा लिया। विवाहिता के मायके में रिश्तेदारी में वैवाहिक कार्यक्रम था। घर वालों ने बारिश होने का हवाला देते हुए मायके जाने से मना कर दिया। इससे क्षुब्ध विवाहिता ने कंडैल का बीज खा लिया।
परिवारीजन उसे सीएचसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत मधवापुर ग्राम पंचायत के पाठकपुरवा गांव निवासी कलीमुननिशा (30) पत्नी इकबाल का मायका लखीमपुर के ईसानगर में है।
मायके में तीन दिन बाद वैवाहिक कार्यक्रम है। इसमें शामिल होने के लिए कलीमुननिशा मायके जाना चाहती थी। लेकिन पति इकबाल ने बारिश होने की बात कहते हुए मौसम सही होने पर जाने की बात कही। इससे वह नाराज हो गई।
उसने घर के पास लगे कंडैल के बीज को खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिवारीजन उसे सीएचसी मोतीपुर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने सूचना कोतवाली मुर्तिहा के प्रभारी निरीक्षक को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता के चार बच्चे हैं। मां की मौत से सभी बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव का कहना है कि ग्रामीणों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।