चित्तौरा (बहराइच)। उन्नैसा गांव निवासी एक महिला ने बीमारी से तंग आकर मंगलवार रात खुद को आग के हवाले कर दिया। परिवार के सदस्यों ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उन्नैसा निवासी सुरेश यादव की 30 वर्षीय पत्नी संवारा देवी को डेढ़ साल से पेट दर्द की शिकायत थी। कई डॉक्टरों से इलाज कराने के बाद भी कराया गया लेकिन लाभ नहीं हुआ। इसके चलते संवारा आए दिन जान देने की बात घर वालों से कहती थी। बीते सप्ताह भर से दर्द असहनीय हो गया।
निराश होकर संवारा ने मंगलवार रात तब आत्मदाह कर लिया जब परिवार के लोग सो गए। आग की लपटों से घिरकर जब वह चिल्लाने लगी तब पति सुरेश व परिवार के लोग दौड़े। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक संवारा की मौत हो चुकी थी। रात में ही घटना की सूचना कोतवाली देहात को दी गई।
सुबह चौकी इंचार्ज चिलवरिया रामनरायन ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा का कहना है कि बीमारी के चलते संवारा के आत्महत्या करने की बात पति ने कही है। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच भी की जा रही है।