पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से लूट व चोरी की चार बाइकें, कट्टा, कारतूस आदि बरामद हुआ है। बदमाशों ने सीतापुर और बहराइच में कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस टीम संत पथिक स्कूल के पास शनिवार को चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार मौके से भाग गया। जबकि दो बाइक सवार दबोचे गए। इनकी पहचान सीतापुर जनपद के थाना तम्बौर के ग्राम अवरीशाहपुर निवासी राजकुमार वर्मा और थाना लहरपुर के शाहकुलीपुर कस्बा निवासी बबलू उर्फ मोहम्मद इमरान के रूप में हुई।
राजकुमार और बबलू ने पूछताछ में दोनों ने 16 अगस्त को हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम रेवतीपुरवा निवासी शिवकुमार तिवारी और हाड़नपुरवा निवासी रामप्यारे के साथ मिलकर तमंचे के बल पर एक बाइक, दो मोबाइल और दो हजार नगद लूटने की बात स्वीकार की। 30 जुलाई की रात खैरा बाजार में नहर मोड़ के पास एक सराफा कारोबारी से भी लूटपाट की बात स्वीकार की।
बदमाशों ने सीतापुर से चोरी हुई दो बाइक रुपईडीहा में बेची थी, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।