बहराइच। किशुनपुरमीठा गांव में जहरीली शराब बनाने की भट्टी का खुलासा पुलिस ने किया है। मौके से यूरिया मिलाकर शराब बनाते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका भाई भाग निकला।
रामगांव थाना क्षेत्र के किशुनपुर मीठा गांव में जहरीली शराब बनाने की सूचना मुखबिर ने थानाध्यक्ष रामगांव डीपी कुशवाहा को दी थी। सूचना मिलने पर रामगांव एसओ पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए।
एसओ ने गांव निवासी रामआसरे के घर छापा मारा। यहां मौके से लगभग आधा किलोग्राम यूरिया बरामद हुई, जिसे मिलाकर जहरीली शराब बनाई जा रही थी। मौके से रामआसरे का भाई विजय भाग निकला।
पुलिस ने शराब भट्ठी से लहन, उपकरण बरामद कर उन्हें सीज कर दिया है। रामआसरे और विजय के खिलाफ केस दर्ज कर रामआसरे को जेल भेज दिया गया। एसओ ने बताया कि दोनों भाई यूरिया मिलाकर शराब बनाते थे। ऐसे में किसी भी दिन बड़ी घटना हो सकती थी।