सड़क हादसों में ट्रक की टक्कर से एक नेपाली युवक समेत दो की मौत हो गई। दुर्घटना में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रुपईडीहा थाना अंतर्गत बाबागंज-रुपईडीहा मार्ग पर माधवरामपुरवा के पास मंगलवार देर रात एक साइकिल सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
मौके पर ही कुचलकर साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान नेपाल के बांके जिला अंतर्गत मोहनापुर दंदौली निवासी मल्हू (32) पुत्र बल्लू महावत के रूप में हुई। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत हुई है। परिवारीजनों की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर हांड़ा बसेहरी के पास ट्रक की टक्कर से घायल रुखसार (28) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। रुखसार के एक वर्षीय पुत्र की मौके पर ही ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। गंभीर हालत में जख्मी पति का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
गोविंदापुर निवासी मेवालाल (50) पुत्र पल्टन कोतवाली देहात अंतर्गत बाबागंज चौराहे पर सुबह सब्जी खरीदने आए थे। लौटते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें मेवालाल जख्मी हो गए।
पयागपुर थाना अंतर्गत कोल्हुवा गांव के निकट बाइक की टक्कर से सड़क पार कर रहे खुटेहना निवासी रामसुमिरन (22) जख्मी हो गए। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है।