बहराइच। अलग-अलग स्थानों पर गुरुवार रात लगी आग से तीन घर जल गए। दो लाख की संपत्ति राख हुई है। जरवल में आग बुझाने के प्रयास में एक ग्रामीण झुलसकर घायल हुआ है। उसे निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।
अग्निकांड की सूचना तहसील को दी गई लेकिन कोई भी राजस्व कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। बौंडी के ग्राम गौरिया निवासी संतोष कुमार के घर में गुरुवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई।
परिवारीजनों की चीख-पुकार सुनकर जब तक गांव के लोग दौड़ते तब तक लपटों ने पड़ोसी कीर्तन लाल के मकान को भी आगोश में ले लिया। दोनों मकान धू-धू कर जल उठे। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया जा सका।
यहां दोनों घरों में रखी संपत्ति राख हो गई। एक लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। उधर, विकासखंड जरवल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धनसरी के मौजा बगिया पुरवा में गुरुवार रात गांव निवासी मैकू लाल गौतम के घर में अचानक दीपक गिर जाने से आग लग गई।
आग बुझाने के प्रयास में मैकू का हाथ भी झुलस गया। उसे निजी डॉक्टर के यहां भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
ग्रामीण के मुताबिक अग्निकांड में 6000 हजार रुपये, कपड़ा, बर्तन, राशन समेत 50 हजार का नुकसान हुआ है। उधर, रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर गांव निवासी बाबादीन के घर में लगी आग से टीवी, डीवीडी समेत 28 हजार की संपत्ति जली है।