डगमरा नाले में नहाने गईं दो बच्चियों की पानी में डूबकर मौत हो गई। परिवारीजनों ने उनके शव नाले से निकाले। पुलिस को सूचना दिए बिना दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया है। 24 घंटे के दौरान क्षेत्र में बच्चों के नाले में डूबकर मरने की यह दूसरी घटना है। गुरुवार को भैंसाही पहाड़ी नाले में डूबकर दो बच्चों की मौत हो गई थी।
सिरसिया क्षेत्र में ग्राम बलनपुर बसंतपुर मजरा खपरीपुर निवासिनी बाठे की पुत्री मोटका (9) शुक्रवार को गांव की ही प्रियंका (12) पुत्री जोगी नाई, अखिलेश (14) पुत्र लक्ष्मी नारायण व ननकना (10) पुत्री कामता व अन्य बच्चों के साथ लकड़ी बीनने गई थी।
शाम को लौटते समय रास्ते में डगमरा पहाड़ी नाले में बच्चे नहाने लगे। इस दौरान प्रियंका व मोटका पानी की बीच धारा में पहुंचकर दोनों डूब गईं। यह देख अन्य बच्चे वहां से भाग निकले और घर पहुंचकर परिवारीजनों को बताया। सूचना पर ग्रामीण नाले के पास जमा हुए और डूबे बच्चियों की तलाश शुरू की।
कुछ देर बाद दोनों के शव नाले के पानी में मिल गए। हादसे की सूचना सिरसिया पुलिस को दिए बिना ही परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष सिरसिया यासीन खान के मुताबिक घटना की जानकारी हुई लेकिन परिवारीजनों ने बच्चियों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।