बहराइच/रिसियामोड़। रिसियामोड़ से घर लौट रहे जगधराभार गांव निवासी ग्रामीण को कार ने रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
उधर, प्रतापपुर उपरहर में खेल रहा मासूम हादसे का शिकार हो गया। अन्य दुर्घटनाओं में भी तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जगधरा भार गांव निवासी जाहिद (48) पुत्र सुबराती रविवार देर रात खरीददारी के लिए साइकिल से रिसियामोड़ आया था।
जब वह लौटने लगा तभी रिसियामोड़ के पास नानपारा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने जाहिद को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। थानाध्यक्ष आलोक राव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उधर, विशेश्वरगंज के प्रतापपुर उपरहर गांव निवासी छोटू (5) सोमवार सुबह घर के सामने खेलते समय वाहन की टक्कर से घायल हो गया। परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, छोटी बाजार निवासी मुकेश जायसवाल (44) सोमवार सुबह देहात जा रहे थे। जब वह टिकोरा मोड़ के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। मुकेश गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
उधर, सोनवा के दुबरहा गांव निवासी रामकरन पांडेय (25) व शिवराम पांडेय (30) बाइक से बहराइच शहर आ रहे थे। असोम रोड चौराहे पर मिनी ट्रक की टक्कर से दोनों घायल हो गए हैं।