रिसियामोड़/तेजवापुर। रिसिया और हरदी में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके अलावा दो कारों की भिड़ंत में एक कार सड़क किनारे घर के सामने बैठी महिलाओं को रौंदती हुई पुआल के ढेर में घुस गई। दो मासूमों समेत चार लोग घायल हुए हैं।
नानपारा के बस्थनवा गांव निवासी मायाराम (20) पुत्र प्रताप गुरुवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बहराइच गल्लामंडी अनाज लेकर गया था।
वहां अनाज अनलोड करने के बाद देर रात वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव लौट रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली जब रिसिया में असम रोड के निकट पहुंची तभी ट्रॉली का पहिया पंक्चर हो गया।
इस पर उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया और सो गया। भोर में नानपारा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली खड्ड में जा गिरी। उसमें सो रहे मायाराम की मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने मृतक के भाई रामधीरज की तहरीर पर केस दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं, बौंडी के रामगढ़ी पट्टी गांव निवासी रामू (28) पुत्र नरेश, शुक्रवार सुबह साइकिल से तहसील मुख्यालय महसी जा रहा था।
जब वह हरदी के वीरशाहपुर नहर पुलिया के निकट पहुंचा तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। रामू सड़क पर गिर गया और वाहन उसे रौंदता हुआ निकल गया।
उधर, कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत मोगलहा गांव निवासी जुबेदा और सीमा का मकान सड़क से सटा हुआ है। दोनों महिलाएं बच्चों के साथ घर के सामने स्थित पुआल के ढेर के पास बैठकर शुक्रवार शाम चार बजे बातचीत कर रही थीं।
इसी दौरान बोलेरो और एक कार की मौके पर भिड़ंत हो गई। कार बोलेरो से टकराने के बाद महिलाओं और बच्चों को रौंदते हुए पुआल के ढेर में जा घुसी।
चपेट में आकर जुबेदा (25) पत्नी कल्लू, सीमा (30) पत्नी मन्नान और सीमा की बेटी सुमैया (7) व रुकैया (5) घायल हुई हैं। सभी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।