सिरसिया (श्रावस्ती)। सिरसिया क्षेत्र में निर्माणाधीन नहर पर काम कर रहा एक मजदूर शनिवार को बिजली की चपेट में आ गया जिसकी संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं उसके चचेरे भाई की कूंडा में डूबने से मौत हो गई। दोनों ही मामलों में संबंधित थानाक्षेत्र की पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिरसिया थानाक्षेत्र के ग्राम आसमान सिंह टिटिहिरिया निवासी संतोष कुमार सिंह (25) पुत्र गुलाब सिंह गांव के निकट निर्माणाधीन राप्ती योजक नहर में मजदूरी शनिवार को मजदूरी करने गया था। जहां वह लोहे की पाइप ले जा रहा था। इस दौरान पाइप ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाईन में छूू जाने के कारण वह बिजली की चपेट में आ गया।
साथ में मौजूद अन्य मजदूरों द्वारा बांस बल्ली से पीटकर उसे बिजली से मुक्त कराया गया। गंभीर हालत में उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची भिनगा पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना की जानकारी होने पर संतोष का चचेरा भाई उमेश कुमार सिंह (40) पुत्र कैलाश बहादुर सिंह घटना स्थल की ओर जा रहा थ।
इस बीच बौरिहवा व गोपीपुरवा गांव के मध्य पड़ने वाले पहाड़ी कुंडा जगन्नथिया में उमेश डूबने लगा। गुजर रहे राहगीर जब तक उसे बचाने का प्रयास करते, कुंडा में डूबने से उसकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों द्वारा उमेश की लाश को कुंडे से बाहर निकाला गया।
परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। एक ही दिन दो चचेरे भाइयों की मौत से जहां परिवार में मानो दुखों का पहाड़ गिर पड़ा। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में मातम फैल गया।