बहराइच। पंच पर्व दीपावली की खुशियां भी अराजक तत्वों व आतंकियों के निशाने पर हैं। सार्वजनिक स्थानों को आतंकी निशाना बना सकते हैं। ऐसी आशंका सीमा पर तैनात खुफिया एजेंसियों ने जताई है।
इसके चलते नेपाल सीमा से सटे बहराइच समेत सभी जिलों में दीपावली पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस के साथ एसएसबी सघन चौकसी बरत रही है। सीसी टीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर भी तलाशी अभियान चल रहा है।
प्रकाश पर्व दीपावली पर पटाखों के धूमधड़ाके के बीच आतंकी धमाके की आशंका है। मधेसी आंदोलन के चलते भी सीमा पर तनाव है। आतंकी इसका लाभ उठाने की फिराक में है।
खुफिया एजेंसियों की इस रिपोर्ट के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने दीपावली के अवसर पर नेपाल सीमा से सटे सभी जिलों में सघन चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं।
इस आदेश के बाद नेपाल सीमा से सटे बहराइच के मोतीपुर, रुपईडीहा, सुजौली, मुर्तिहा, व नवाबगंज के थानाध्यक्षों को अलर्ट कर दिया गया है। सीमा पर मुस्तैद एसएसबी के जवान भी नेपाल से आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।
बहराइच से लगने वाली 100 किमी. की सीमा पर आने-जाने वाले विदेशियों और संदिग्ध गतिविधियों वालों से कड़ी पूछताछ चल रही है।
रुपईडीहा आउट पोस्ट के सहायक सेनानायक पीएन सिंह ने बताया कि नोमेंस लैंड पर एक-एक किलोमीटर की दूरी पर भी जवान गश्त कर रहे हैं।
एसपी सालिकराम वर्मा ने बताया कि रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, सिनेमा घर व होटलों की तलाशी का अभियान चल रहा है। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात हैं।