भीड़ की नाराजगी को देखते हुए मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत किया है। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी महीप सिंह ने संजय कुमार नामक युवक की एक पोस्ट फेसबुक पर रविवार रात साझा की। इस पोस्ट पर एक धर्म विशेष और उसके गुरुओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।
इस पोस्ट को देखने के बाद एक समुदाय के लोग नाराज हो गए। बड़ी संख्या में वे कोतवाली नगर पहुंचकर विरोध जताया घेराव की स्थिति देख प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने लोगों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया।
लेकिन लोग रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। सीओ सिटी अनूप कुमार ने 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन दिया तब लोग शांत हुए।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा का कहना है कि सोशल साइट पर टिप्पणी करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी छानबीन की जा रही है। शहर में गश्त बढ़ा दी गई है।