कटरा (श्रावस्ती)। बौद्ध तपोस्थली के कोरिया गेस्ट हाउस स्थित खड्ड में बुधवार सुबह श्रीलंका के एक वृद्ध की लाश उतराती मिली।
वह मंगलवार को 63 सदस्यीय दल के साथ श्रावस्ती में विशेष वर्षावास पूजा के लिए आए थे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
बौद्ध तपोस्थली में इस समय विशेष वर्षावास पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए श्रीलंका के वाटे गेदरा बेवा गामा निवासी पालिथा सुनील कृत सिंधे (78) पुत्र एचपी होला थारा मंगलवार को 63 सदस्यीय दल के साथ श्रावस्ती आए थे।
पालिथा साथियों संग कोरिया गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 106 में रुके थे। साथियों ने बताया कि मंगलवार रात करीब दस बजे वह टहलने के लिए निकले थे और फिर लौटकर नहीं आए। काफी तलाश के बाद भी उनका पता न चलने पर उनकी टीम के लोगों ने श्रावस्ती चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई।
इस पर बुधवार सुबह श्रावस्ती चौकी प्रभारी अरविंद मिश्र टीम के साथ होटल पहुंचे। वे पूरे परिसर की छीनबीन कर रहे थे तभी होटल कैंपस स्थित एक बड़े खड्ड में उन्हें एक लाश उतराती दिखी।
शव बाहर निकाला गया तो वह पालिथा सुनील का निकला। चौकी प्रभारी की सूचना पर उप जिलाधिकारी उमेश चंद्र उपाध्याय, थानाध्यक्ष अवध नारायण यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा वीर सिंह, निरीक्षक अभिसूचना इकाई जीएस सिंह भी मौके पर पहुंचे। आवश्यक लिखापढ़ी कर लाश को श्रीलंका भेजने की कार्रवाई की गई है।
इस बारे में थानाध्यक्ष इकौना ने बताया कि हो सकता है पालिथा तालाब की ओर घूमने गए हों, जहां किसी कारण तालाब में गिरने से उनकी मौत हो गई हो। जांच की जा रही है, उसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।