मिहींपुरवा (बहराइच)। भारतीय बाजार से उर्वरक तस्करी कर नेपाल ले जा रहे तस्कर को सोमवार सुबह एसएसबी ने दबोच लिया। पिकप पर लदी 137 बोरी यूरिया और पांच बोरी एनपीके खाद बरामद हुई है। ये खेप सीज कर कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
एसएसबी सातवीं वाहिनी के अचकवा बार्डर आउटपोस्ट के सहायक सेनानायक रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सोमवार सुबह खाद की बड़ी खेप नेपाल ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर सहायक विकास अधिकारी कृषि अवधेश कुमार, प्रभाकर वर्मा को साथ लेकर सहायक उपनिरीक्षक विद्यासागर ने टीम के साथ फुटहा चौकी के पास घेराबंदी की।
इस दौरान नेपाल की ओर एक पिकप जाती दिखी। उसे रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहन समेत भागने लगा। घेराबंदी कर पिकप (एचआर 12 सी 5385) को बरामद कर लिया गया। तस्कर अजीमुल हसन निवासी मेड़किया को गिरफ्तार किया गया है।