इंडो-नेपाल सीमा पर शुक्रवार को एक ऑटो रिक्शा पर तस्करी कर भारत लाई जा रही सुपारी की खेप एसएसबी ने बरामद की। एक नेपाली युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, दूसरे छोर पर कास्मेटिक की खेप को भारतीय सीमा में लाते समय बरामद किया गया, जबकि तस्कर भाग निकले। बरामद सामान की कीमत तीन लाख से अधिक है।
शुक्रवार सुबह रुपईडीहा बार्डर आउटपोस्ट पर नोमेंस लैंड के पिलर संख्या 30 व 31 के निकट बैट्री रिक्शा पर कुछ लोग नेपाल की ओर से आते दिखे।
सहायक सेनानायक रविशंकर कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबिल मुक्ता सिंह ने टीम के साथ चेकिंग की तो रिक्शा की केबिन में दो क्विंटल नेपाली सुपारी की खेप बरामद हुई।
वजन करने पर नेपाली सुपारी दो क्विंटल मिली। रिक्शा समेत सुपारी को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। नेपाल के गांव विकास समिति रांझा निवासी सूरज मिश्र को तस्करी में गिरफ्तार कर लिया गया है।
सहायक सेनानायक ने बताया कि उधर रेलवे स्टेशन के निकट निबिया बार्डर आउटपोस्ट की सीमा से भी तस्करी कर सामान लाये जाने की सूचना मिली थी।
इस पर एसएसबी की टीम ने घेराबंदी कर नोमेंस लैंड पर गश्त शुरू की। इस पर तस्कर सामान छोड़कर भाग खड़े हुए। मौके से दो पेटी नेपाली कॉस्मेटिक का सामान बरामद हुआ है।