पुलिस ने दस हजार रुपये के इनामी एक अपराधी को पुणे में गिरफ्तार किया है। उस पर हत्या व लूट का आरोप है। पुलिस के मुताबिक भिनगा क्षेत्र में नौबस्ता निवासी उमेश वर्मा चार जुलाई 2011 को मैजिक वाहन से स्कूली बच्चों को छोड़ने गया था।
लौटते समय अज्ञात लोगों ने उमेश की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया और वाहन लेकर फरार हो गए। मृतक के भाई सुरेश वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। दो अगस्त 2011 को सिरसिया क्षेत्र में कलकलवा निवासी दुर्गा प्रसाद तिवारी की जीप कुछ लोग बुक कराकर ले गए।
उन्होंने दुर्गा प्रसाद के साथ चालक रामराज की हत्या कर वाहन लूट लिया। पुलिस छानबीन में उक्त घटनाओं में रंजय चौहान, संजय चौहान व मिथिलेश सिंह निवासीगण खानपुर थाना बड़हरिया जिला सिवान, बिहार के नाम सामने आए।
गिरफ्तारी पर डीआईजी ने दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया। कोतवाली पुलिस ने गत 22 जुलाई को महाराष्ट्र के पुणे से रंजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी सोमवार को एसपी हेमंत कुटियाल ने दी।