रामगांव थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी मंगलवार सुबह नित्यक्रिया के लिए खेत को गई थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने कट्टे से धमकाकर उससे दुराचार किया। फिर उसे बाइक पर बिठाकर अगवा करने की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर पिता पहुंचे तो उनकी पिटाई कर दी। परिवारीजनों व ग्रामीणों ने आरोपी युवक को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। एसपी ने जांच कर केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
रामगांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय लड़की सुबह करीब छह बजे नित्यक्रिया के लिए घर से निकली थी। वह गांव से सौ मीटर की दूरी पर पहुंची, तभी गांव का ही नरेंद्र बाइक से मौके पर पहुंचा और कट्टे से धमकाकर किशोरी से रेप किया।
पीड़िता ने शिकायत करने की बात कही। इस पर आरोपी उसे बाइक पर बिठाकर अगवा करने की कोशिश करने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीणों व पिता ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। लेकिन इसी दौरान किशोरी के पिता को आरोपी ने पीट दिया। 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। गश्ती पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पीड़िता को भी थाने लाया गया है। लेकिन अभी केस दर्ज नहीं हुआ है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। थानाध्यक्ष चुनाव ड्यूटी में बहराइच आए हैं। पहुंचकर मामले की जांच करने के बाद केस दर्जकर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।