बहराइच (ब्यूरो)।। शहर के मोहल्ला वशीरगंज निवासी सर्राफ के घर का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने रविवार रात दो लाख नगदी समेत लगभग 10 लाख की संपत्ति पार कर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू की है। घटना की रात व्यवसायी परिवार समेत ससुराल गया था।
कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला वशीरगंज निवासी सराफा व्यवसायी विजय सोनी दीपावली के मौके पर परिवार समेत मिहींपुरवा स्थित ससुराल गए थे। घर पर ताला लगा था। सुनसान पाकर रविवार रात सेंध लगाकर घर में घुसे।
व्यवसायी के बेडरूम में छिपाकर रखी गई लॉकर और अलमारी की चाबी चोरों के हाथ लग गई। इस पर चोरों ने इतमिनान से नकदी और जेवरात समेट लिए।
देर रात पड़ोस में रह रहे व्यवसायी के बड़े भाई चंद्रशेखर ने जब घर का ताला टूटा देखा तो विजय को मोबाइल पर कॉल किया। पता चला कि विजय मिहींपुरवा से लौट रहे थे।
विजय के कहने पर बड़े भाई चंद्रशेखर घर के अंदर पहुंचे तो सारा सामान बिखरा हुआ था। कुछ देर में विजय भी परिवार समेत आ गए।
विजय के मुताबिक चोर लॉकर में रखे दो लाख रुपये, सात लाख के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान समेत 10 लाख की संपत्ति समेट ले गए। रात में ही घटना की सूचना थाने पर दी गई।
पुलिस ने पहुंचकर मुआयना किया है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा का कहना है कि जांच की जा रही है। केस दर्ज कर मामले का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।