रिसियामोड़ (बहराइच)। सीएचसी रिसिया के परिसर में गुरुवार दोपहर बाद एक नवजात का शव मिला। इससे हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन ने शव को आनन-फानन दफन करवा दिया।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है लेकिन शव कहा से आया इसका पता नहीं चल सका है।
सीएचसी रिसिया में दोपहर बाद हल्की धूप निकली तो अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदार धूप सेंकने के लिए अस्पताल परिसर के पीछे निकल आए।
इसी बीच भवन की सीढ़ियों के नीचे नवजात का शव देख सभी सकते में आ गए। मौके पर पहुंचे सीएचसी प्रभारी संदीप मिश्रा ने मामले से किनारा कसने की कोशिश की कि तभी मीडिया कर्मी भी पहुंच गए।
इस पर फोटोग्राफी करने से प्रभारी ने रोका तो नोकझोंक भी हुई। मामला बढ़ता देख आनन-फानन में शव को दफना दिया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी शव को काफी पुराना बता रहे हैं।
जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव मुश्किल से 10 से 12 घंटे का था। सूचना पाकर थाने के उप निरीक्षक बृजेश कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।