सिरसिया के अयोध्या पुरवा में सोमवार रात एक अधेड़ महिला की मूसर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई।
अयोध्या पुरवा निवासी छोटेलाल वर्मा सोमवार शाम अपने पुत्र के साथ एक रिश्तेदार के यहां निमंत्रण में गया था। घर पर छोटेलाल की पत्नी छोटकी (50) अकेली थी।
देर रात लौटे छोटेलाल व उसका पुत्र दरवाजा बंद होने के कारण घर के बाहर ही सो गए। मंगलवार सुबह गुहार लगाने पर भी दरवाजा न खुलने पर पिता-पुत्र कुंडा तोड़कर भीतर पहुंचे। जहां छोटकी अपने कमरे में मृत पड़ी थी। पास में ही मूसर भी पड़ा था। जिस पर खून लगा था।
इससे आशंका जताई जा रही है कि छोटकी की मूसर से सिर कुचलकर हत्या की गई है। छोटेलाल ने गांव के ही सहाबू नाई पुत्र इम्तियाज पर छोटकी की हत्या का आरोप लगाते हुए सिरसिया थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सहाबू के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्जकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, हत्या की खबर पाकर एसपी व एएसपी ने मौका मुआयना कर थानेदार को निर्देश दिए। एसपी राजेश सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।