हमजापुरा मोहल्ले से बुधवार की दोपहर में लापता हुए युवक का शव गुरुवार को अनारकली झील के पास सलारपुर रेलवे लाइन मार्ग पर मिला। शव पर चोटों के निशान भी मिले हैं। युवक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने भाई की निशानदेही पर जांच शुरू कर दी है।
दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत हमजापुरा मोहल्ला निवासी गुड्डू अंसारी (28) खोमचा लगाकर घर के खर्च में हाथ बटाता था। नागपंचमी पर मोहल्ले के कुछ लोगों से गुड्डू का विवाद हुआ था। इसकी शिकायत पुलिस में भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार की दोपहर में गुड्डू जरूरी काम से घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
इस पर उसके भाई जग्गा व परिवार के अन्य सदस्यों ने खोजबीन शुरू की। गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने गुड्डू का शव अनारकली झील के निकट सलारपुर रेलवे लाइन मार्ग पर पड़े होने की सूचना परिवारीजनों को दी। इस पर घरवाले मौके पर पहुंचे। गुड्डू के नाक, कान व मुंह से खून निकल रहा था। साइकिल अलग पड़ी थी। जग्गा ने मामले की सूचना थाने पर दी।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मृतक के भाई ने रंजिश में हत्या की आशंका जतायी है। जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिस व्यक्ति पर हत्या की आशंका जतायी है, वह फरार है। तलाश की जा रही है।