फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माओवादियों ने फूंकी रुपईडीहा की स्कूल वैन, भड़के छात्र

Fri, 24 Jul 2015 10:16 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल बंद के दौरान छात्रों को लेने गई सीमांत इंटर कॉलेज रुपईडीहा की वैन को शुक्रवार सुबह माओवादियों ने आग के हवाले कर दिया।
विज्ञापन


छात्रों को गाड़ी से उतारकर नेकपा माओवादी व राप्रपा गुट ने गाड़ी फूंक दी। चालक ने भागकर जान बचाई। घटना की खबर फैलते ही कस्बावासी और छात्र भड़क उठे।

भारत-नेपाल सीमा पर बैरीकेडिंग लगाकर आवागमन ठप कर दिया और नेपाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक सीमा पर आवागमन ठप रहा। स्कूल वैन फूंकने वाले दो माओवादियों को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

नेपाल की संविधान सभा में कम्युनिस्ट पार्टी एमाले विप्लव गुट के सदस्य अपनी 13 मांगों को शामिल करवाने के लिए आंदोलित हैं।

उधर, राष्ट्रीय प्रजातांत्रिक पार्टी के कार्यकर्ता भी हक और अधिकार को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। दोनों संगठनों ने शुक्रवार को नेपाल में एक दिन के बंद की घोषणा की थी, लेकिन इसकी जानकारी भारतीय क्षेत्र के नागरिकों को नहीं थी।
विज्ञापन


गौरतलब है कि नेपाल से सटी रुपईडीहा सीमा में स्थित विद्यालयों में बांके के छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं जिन्हें लाने के लिए स्कूल की वैन चलती हैं।

सीमांत इंटर कॉलेज रुपईडीहा की वैन (यूपी 40 टी 0763) शुक्रवार सुबह 7:30 बजे के आसपास नेपाली छात्रों को लाने के लिए नेपालगंज पहुंची तभी नेकपा एमाले गुट के माओवादी कार्यकर्ताओं ने वैन में सवार बच्चों को उतार दिया। इसके बाद माओवादियों ने वैन पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।

चालक ने भागकर अपनी जान बचाई। यह सूचना जब भारतीय क्षेत्र में पहुंची तो लोग भड़क उठे। स्कूल के छात्रों के साथ ही रुपईडीहा कस्बे के नागरिक भारत-नेपाल सीमा पर इकट्ठा हो गए।

अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर सभी ने बेंच की बैरीकेडिंग लगाकर आवागमन ठप कर दिया। नेपाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके चलते सीमा सुरक्षा में तैनात सुरक्षा एजेंसियां सकते में आ गईं।

रुपईडीहा, कस्टम, एसएसबी और खुफिया विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन प्रदर्शनकारी माओवादियों की गिरफ्तारी और वैन का मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए थे।

एसडीएम नानपारा घनश्याम, एएसपी जेपी पांडेय, सीओ भरत यादव, नेपालगंज के जमुनहा चौकी इंचार्ज कृष्णा सोनी, डीएसपी सुशील राठौर भी मौके पर आए।

नेपाली अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के दो घंटे बाद प्रदर्शन थमा। इस दौरान भारत और नेपाल की ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं।

दो माओवादियों से चल रही पूछताछ
नेपालगंज के डीएसपी सुशील राठौर ने बताया कि स्कूल वैन फूंकने वाले दो माओवादी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें नेपालगंज निवासी शुभम शर्मा व दान बहादुर खरेल शामिल हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन


नेपाल सरकार को भेज रहे पत्र
सीमांत इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुभाष पांडेय व प्रधानाचार्य विकास पांडेय ने कहा कि इस घटना से नेपाल के माओवादी संगठन के भारत विरोधी होने का पता चल रहा है। इस मामले में नेपाल के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को पत्र भेजा जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें