चित्तौरा (बहराइच)। गुरुवार सुबह काम की तलाश में निकला विशुनपुर राहू गांव निवासी युवक संदग्धि हालात में लापता हो गया था। शुक्रवार सुबह उसका शव कोतवाली देहात क्षेत्र में असम रोड तिराहे के पास मिला।
शरीर पर चोट के निशान हैं, जिसके कारण परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत विशुनपुर राहू गांव निवासी राम उजागर (35) पुत्र रामसेवक, मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
गुरुवार सुबह 11 बजे के आसपास वह काम की तलाश में घर से निकला लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। इस पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की लेकिन राम उजागर का कुछ पता नहीं चल सका।
सुबह कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत असम रोड तिराहे के निकट कुछ लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पाकर गायब राम उजागर के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।
भाई राधेश्याम ने शव की शिनाख्त राम उजागर के रूप में की। इस पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के हाथ, पीठ, पेट व पैर में गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे लग रहा है कि धारदार हथियार और लाठियों से उसे पीटा गया है।
परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। कुछ लोगों से रंजिश की बात भी सामने आई है। लेकिन, पुलिस मौत को संदिग्ध मान रही है।
प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा का कहना है कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। तभी केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू होगी।
हालांकि, मृतक के भाई राधेश्याम ने पुलिस को जो तहरीर दी है, उसमें किसी को नामजद नहीं किया गया है।