श्रावस्ती (ब्यूरो)। भिनगा जंगल के चहलवा बीट में बुधवार को पेड़ से एक अधेड़ की लाश लटकने की खबर से सनसनी फैल गई। उसकी पहचान शुरामपुर के मजरा छीटूपुरवा निवासी साबितराम (50) के रूप में हुई है।
वह सोमवार को विभूतिनाथ मंदिर जाने के लिए घर से निकला था और फिर लापता हो गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
साबितराम उर्फ पहाड़ी पुत्र श्यामलाल सोमवार को दूध बेचने भिनगा आया था। यहां के बाद वह साइकिल से विभूतिनाथ मंदिर के लिए निकला था लेकिन फिर उसका कुछ पता नहीं चल सका।
घर वालों ने उसकी गुमशुदगी भिनगा कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। मंगलवार रात कुछ चरवाहों को भिनगा जंगल से चहलवा बीट जाने वाले पगडंडी मार्ग के किनारे बेल के पेड़ पर रस्सी से एक लाश लटकती दिखाई पड़ी। इसकी सूचना चरवाहों ने भरथा वन चौकी में दी।
वनकर्मियों की सूचना पर बुधवार सुबह साबितराम के परिवारीजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पास में ही उसकी साइकिल, तहमद और चप्पल पड़ी मिली।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक रामयतन वरुण ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।