चरदा (बहराइच)। जिले के सीमावर्ती इलाकों में शनिवार शाम अचानक मौसम बिगड़ गया। गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। बारिश से खुद को बचाने के लिए पेड़ के नीचे खड़े दो ग्रामीण बिजली की चपेट में आ गए।
बिजली गिरने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा झुलस गया। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
तराई में शनिवार शाम पांच बजे के आसपास अचानक तेज हवाएं चलने लगीं। इसी बीच नेपाल सीमा से सटे इलाकों में बादल छा गए। गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई।
उस समय रुपईडीहा थाना क्षेत्र के पटना गांव निवासी रक्षाराम (40) पुत्र भुसैली और परशुराम (52) पुत्र मेड़ई गांव से कुछ दूरी पर बाग के निकट मवेशियों को चरा रहे थे। बूंदाबांदी शुरू होने पर दोनों ग्रामीण बाग में आम के पेड़ के नीचे बैठ गए।
इसी बीच तेज आवाज के साथ बिजली गिर गई। चपेट में आकर परशुराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रक्षाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। आम का पेड़ भी फट गया है। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
आनन फानन में सभी ने घायल रक्षाराम को पीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। बिजली गिरने की सूचना तहसील को दी गई है। लेकिन अभी तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।