सुजौली क्षेत्र में खेत की रखवाली कर रही एक किशोरी को गांव के युवक व उसके साथियों ने तमंचे से धमकाकर शुक्रवार को अगवा कर लिया। किशोरी को अपने चाचा के घर गोंडा में बंधक बनाकर युवक ने रेप किया।
रात में किसी तरह खिड़की से कूदकर भागी किशोरी घर पहुंची। सूचना पर सुजौली पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। नामजद केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
सुजौली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। शुक्रवार शाम वह खेत की रखवाली करने गई थी। आरोप है कि उस दौरान गांव के विजय कुमार नामक युवक ने अपने सहयोगियों के साथ तमंचे से धमकाकर किशोरी को अगवा कर लिया।
नशीला पदार्थ सूंघाकर उसे जीप से अपने चाचा के घर गोंडा ले जाकर एक कमरे में किशोरी को बंधक बना लिया और रेप किया। किशोरी के विरोध करने पर परिवार को खत्म करने की धमकी दी। शनिवार रात किसी तरह किशोरी कमरे की खिड़की से कूदकर भागने में सफल रही। वह गोंडा, लखनऊ होते हुए मैलानी के रास्ते मझरा रेलवे स्टेशन पहुंची।
वहां परिवारीजनों को फोन कर घटना से अवगत कराया। परिवारीजन रेलवे स्टेशन से किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और घटना की तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने विजय के खिलाफ अपहरण औैर रेप का केस दर्ज किया।
थानाध्यक्ष कपिलदेव चौधरी के मुताबिक महिला पुलिस की अभिरक्षा में किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। किशोरी के बयान के तहत अपहरण के मामले में कुछ और लोगों की संलिप्तता का पता चला है। उनकी भी तलाश की जा रही है।