बहराइच (ब्यूरो)। काजीपुरा निवासी तीन वर्षीय मासूम बालक अज्जन का तीन दिन पूर्व अपहरण हो गया था। उसका शव बाराबंकी में शनिवार को सूचना मिली थी।
वहां परिवारीजनों के पहुंचने पर मासूम की पहचान हुई। रविवार देर शाम उसका शव बहराइच के मोहल्ला काजीपुरा स्थित आवास पहुंचा तो कोहराम मच गया।
अज्जन की हत्या से पूरे मोहल्ले में मातम छाया है। पुलिस ने रंजिश में बालक के अपहरण और हत्या की बात कहते हुए बाराबंकी पुलिस से संपर्क साधकर विवेचना शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला काजीपुरा निवासी इस्माइल का तीन वर्षीय पुत्र अज्जन नौ जुलाई की रात को घर के सामने से खेलते हुए रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था।
तलाश के बाद भी बच्चे के न मिलने पर उसके अपहरण की आशंका जताते हुए परिवारीजनों ने कोतवाली में सूचना दी थी।
पुलिस ने सूचना मिलने पर आसपास के जनपदों की पुलिस से संपर्क साधा था। इसी दौरान शनिवार को बाराबंकी में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। बच्चे की गला मरोड़कर हत्या की गई थी।
शव की शिनाख्त के लिए बहराइच से अज्जन के परिवार के लोग बाराबंकी गए थे। परिवारीजनों ने अज्जन का शव होने की पुष्टि की।
इस पर बाराबंकी पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया। रविवार देर शाम जब बच्चे का शव लेकर परिवारीजन काजीपुर स्थित आवास पहुंचे तो कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बहराइच से अपहरण कर बाराबंकी में हत्या की गई है। ऐसे में मामला रंजिश का लग रहा है। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।