नानपारा क्षेत्र में अवैध असलहों की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। इसकी भनक लगने पर शुक्रवार को पुलिस ने छापामारी कर भारी मात्रा में निर्मित और अर्द्धनिर्मित असलहे बरामद किए। मौके से तीन लोगों को दबोचा गया है। बरामद असलहों को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
लोकसभा चुनाव में अराजकता फैलाने के लिए कुछ लोग असलहों की खरीदारी करते हैं। इसी के मद्देनजर कोतवाली नानपारा अंतर्गत भदवारा गांव में अवैध असलहा फैक्ट्री का संचालन हो रहा था।
इसकी भनक लगने पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने टीम के साथ गांव में छापामारी की। पुलिस को भारी मात्रा में असलहे व उपकरण बरामद हुए। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उनकी पहचान गांव निवासी बाबादीन, करौंदा गांव निवासी सुरेश उर्फ गोबरे, गुरगुट्टा निवासी साबितराम के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बरामद असलहों को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए लोगों ने लोकसभा चुनाव में असलहों की मांग होने की बात स्वीकार की है।
ये असलहे व उपकरण हुए बरामद
पुलिस की छापामारी में असलहे व उपकरण बरामद हुए हैं। इनमें चार देशी तमंचा 12 बोर, एक देशी तमंचा 315 बोर, एक देशी तमंचा अर्द्धनिर्मित, आठ कारतूस, चार कटी नाल 12 बोर, एक अद्धी नाल 12 बोर, पांच स्प्रिंग, असलहे बनाने के उपकरण व भट्ठी को मौके पर बरामद किया गया।