लक्ष्मननगर (श्रावस्ती)। लक्ष्मननगर के पास बने कुंड में मंगलवार दोपहर नहाते समय एक किशोरी पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गई। उसके हमजोलियों ने शोर मचाया लेकिन जब तक आसपास के लोग इकट्ठा हुए, वह डूब गई।
परिवारीजनों ने ग्रामीणों संग बच्ची की काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका है। गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हैं।
भिनगा-बहराइच फोरलेन स्थित लक्ष्मननगर के पास विगत बाढ़ में फोरलेन कटने के बाद एक कुंड बन गया है। यहां मंगलवार दोपहर सोनवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मननगर गांव निवासी सोनी वर्मा (11) पुत्री छोटकऊ वर्मा गांव के अन्य बच्चों के साथ भैंस चराने पहुंची।
तेज गर्मी लगने पर सोनी और उसके साथी एक साथ कुंड में नहाने उतर गए। सभी कुंड के किनारे पर नहा रहे थे। इसी बीच सोनी का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई।
अन्य बच्चों ने उसे बचाने के प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक वह डूब चुकी थी। बच्चे भागते हुए गांव पहुंचे और घटना की सूचना सोनी के परिवारीजनों सहित अन्य ग्रामीणों को दी।
सोनी के अभिभावक और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुंड में बच्ची को तलाशा लेकिन वह नहीं मिली। सूचना पर पहुंची लक्ष्मननगर चौकी पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से शाम तक किशोरी की तलाश में जुटी थी।