बहराइच। जालौन से झाड़फूंक कराने फखरपुर आईं ननद-भाभी जिले में गैंगरेप का शिकार हो गईं। भिलौराबासू निवासी एक युवक ने रात में आश्रय दिया और फिर साथियों संग मिलकर उनकी अस्मत लूट ली।
सोमवार सुबह पीड़िताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर उन्हें व्यथा सुनाई। एसपी ने सीओ कैसरगंज को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित ननद हाईस्कूल की छात्रा बताई जा रही है।
फखरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडितपुरवा गांव में लोग झाड़फूंक कराने आते हैं। इसी उद्देश्य से जालौन जनपद के कंदौरा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला अपनी 16 वर्षीय ननद और दो बच्चों के साथ रविवार को फखरपुर पहुंची।
पंडितपुरवा में काम निपटाकर चारों लोग भिलौराबासू पहुंचीं और यहां के निवासी बनवारी से रात में ठहरने के लिए आसरा मांगा। महिला का कहना है कि उसके गांव के अन्य लोग भी जालौन से आने पर बनवारी के यहां ही ठहरते हैं।
उन्हीं लोगों ने पता दिया था। बनवारी ने सभी को खाना खिलाने के बाद अपने कारखाने में रुकवाया। महिला का आरोप है कि रात दो बजे के आसपास बनवारी उससे अश्लीलता करने लगा।
विरोध करने पर उसने जानमाल की धमकी दी। आरोप है कि बनवारी, उसके भाई मदन और साथी बिहारी व गिरधारी ने मिलकर महिला और उसकी ननद से गैंगरेप किया।
महिला का कहना है कि किसी तरह सुबह होने पर उसने मोबाइल से पति को सूचना दी। सोमवार सुबह दोनों एसपी कार्यालय का पता पूछते हुए एसपी के पास पहुंचीं। यहां दोनों ने पुलिस अधीक्षक एसआर वर्मा को व्यथा सुनाई।