गोबरहा गांव से पकड़े गए बाइक चोर गिरोह के सरगना के हवालात से फरार होने के दूसरे दिन पुलिस ने चार चोरों को गिरफ्तार करते हुए आठ बाइकों की बरामदगी की है।
कोतवाली देहात की पुलिस ने रानीपुर थाना अंतर्गत गोबरहा गांव निवासी पिंटू कहार को पांच दिन पूर्व गिरफ्तार किया था।
उसके घर से चोरी की चार बाइक बरामद हुई थी। बरामद बाइकों के बारे में पूछताछ के दौरान सोमवार रात पिंटू कहार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। सरगना के फरार होने के बाद पुलिस ने बुधवार को घटना का खुलासा कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि रानीपुर के गोबरहा गांव निवासी रामचंदर, कैसरगंज के पहाड़पुरवा निवासी नौशाद खां व शमशाद और कोतवाली देहात के इमलिया निवासी शिवकुमार जायसवाल को चोरी की आठ बाइकों के साथ गिरफ्तार किया गया है। हालंकि बाइक चोर गिरोह का सरगना पिंटू कहार अभी तक गिरफ्तार नहीं हो सका है।
उधर चेकिंग के दौरान मंगलवार रात कोतवाली पुलिस ने झिंगहाघाट पुल के पास से चोरी की बाइक व चेन के साथ तीन बदमाशों को धर दबोचा। कोतवाली नगर के एसएसआई अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पकड़े गए बदमाश नगर के कानूनगोपुरा निवासी रोहित, दरगाह शरीफ के डालमिया धर्मशाला के पीछे रहने वाले राजा व नुरुद्दीन चक निवासी छोटू है।
तीनों ने बाइक नलकूप कॉलोनी से चोरी की थी। वहीं चेन जेल रोड के पांचों पीर मजार के पास से एक महिला से लूटी थी।