भैंसाही पहाड़ी नाले में गुरुवार शाम नहाने गए पांच बच्चे बाढ़ के पानी में डूब गए। बच्चों की चीख पुकार पर चरवाहों ने तीन बच्चों को बचा लिया। दो बच्चियां तेज धार में बह गई। इनमें से देर रात एक बच्ची की लाश बरामद हुई। दूसरी की तलाश जारी है। घटना की सूचना पर सिरसिया पुलिस भी मौके पर पहुंची।
सिरसिया क्षेत्र में ग्राम वीरपुर बगही निवासी पतरकी उर्फ जैनम (10) पुत्री बाउर अपनी बड़ी बहन शबनम (11), गांव की गुड़िया (9) पुत्री शफी, बंदा (8) व वारिस अली (10) पुत्र गण मालिक के साथ गुरुवार को गांव के निकट बहने वाले भैंसाही पहाड़ी नाले के पास बकरियां चराने गए थे।
नेपाल के पहाड़ों पर हो रही बरसात के कारण नाले में पानी का बहाव तेज है। गर्मी अधिक होने के कारण सभी बच्चे नाले के पानी में नहाने चले गए। इस दौरान पतरकी व गुड़िया उसमें बहने लगी। उन्हें बचाने की कोशिश में शबनम, बंदा व वारिस अली भी पानी में बहने लगे।
बच्चों की चीख पुकार पर बगल में ही गाय चरा रहे तूफानी यादव व अन्य ने अपनी जान जोखिम में डाल कर शबनम, बंदा व वारिस अली को डूबने से बचा लिया। पतरकी व गुड़िया पानी के तेज बहाव में बह गई। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से देर रात पतरकी उर्फ जैनम की लाश को भैंसाही नाले से निकाला।
गुड़िया की तलाश अब भी जारी है। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस की छानबीन में लगी है। थानाध्यक्ष सिरसिया यासीन खान के मुताबिक बरसात तेज होने के कारण पहाड़ी नाले में पानी का बहाव तेज होने से गुड़िया की तलाश में परेशानी हो रही है।