श्रावस्ती। अमवा से बेटी का इलाज कराने गुरुवार को भिनगा आ रहे राहगीर को खरगौरा मोड़ के पास तेज रफ्तार बुलेरो ने टक्कर मार दी। इसमें राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन साल की मासूम गंभीर रूप से घायल हुई है।
इस दौरान भागने के प्रयास में बुलेरो ने मार्ग किनारे खड़ी मोटर साइकिल को टक्कर मारी और खड्ड में जा गिरी। चालक भाग निकला। भिनगा कोतवाली पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मासूम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमवा निवासी आस मोहम्मद (33) पुत्र चांद अली गुरुवार को अपनी पुत्री शबाना (3) का इलाज कराने भिनगा आ रहा था। जैसे ही वह खरगौरा मोड़ पहुंचा तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बुलेरो (यूपी 32 ईएन 6460) ने आस मोहम्मद को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि आस मोहम्मद अपनी पुत्री के साथ काफी दूर जा गिरा। इससे आस मोहम्मद की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि शबाना गंभीर रूप से घायल हो गई।
वहीं घटना के बाद मौके से भाग रहा चालक अनियंत्रित हो वाहन सहित मार्ग किनारे खड़ी मोटर साइकिल से टकराता हुआ मार्ग किनारे खड्ड में जा गिरा। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शबाना को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। यहां उसका इलाज चल रहा है। जबकि आस मोहम्मद की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा गया है।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक भिनगा राम यतन वरुण बताते हैं कि चालक की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही उसकी तलाश कर जेल भेजा जाएगा।